अवैध चाकू के साथ युवक गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज
साहिल अंसारी
जागरण संवाददाता, हापुड़ : बाबूगढ़ थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक हापुड़ के निर्देश पर जनपद में अवैध शस्त्रों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अगस्त की रात बाबूगढ़ पुलिस संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम ने ग्राम कोटा हरनाथपुर के पास जाहिरवीर मंदिर से करीब 50 मीटर की दूरी पर एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपित को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित की पहचान सोनू उर्फ चीनू पुत्र सुरेश निवासी ग्राम मुदाफरा, थाना बाबूगढ़ के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 26 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने बरामद चाकू को कब्जे में लेकर आरोपित के विरुद्ध बाबूगढ़ थाने में मुकदमा अपराध संख्या 268/2026, धारा 4/25 शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपित को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में भी बाबूगढ़ थाने में धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।
Comments
Post a Comment