मुठभेड़ में अदम्य साहस दिखाने वाले मुनीष प्रताप को राष्ट्रपति गैलेंटरी मेडल

साहिल अंसारी

हापुड़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हापुड़ पुलिस के लिए गौरव का क्षण रहा। वर्तमान में साइबर थाना प्रभारी के पद पर तैनात निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह को उत्कृष्ट सेवा और अदम्य साहस के लिए राष्ट्रपति गैलेंटरी मेडल से सम्मानित किया गया। लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित समारोह में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने उन्हें प्रतिष्ठित पदक पहनाकर सम्मानित किया। उनकी इस उपलब्धि से हापुड़ पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है।

यह सम्मान उन्हें वर्ष 2021 में नोएडा में की गई एक साहसिक पुलिस कार्रवाई के लिए मिला है। उस समय मुनीष प्रताप सिंह सेक्टर-20 कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक के पद पर तैनात थे। 21 जुलाई 2021 को पुलिस को सूचना मिली थी कि दो लाख रुपये का इनामी और मोस्ट वांटेड अपराधी अजय कालिया सेक्टर-14 नाले के पास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस की घेराबंदी से खुद को घिरा देखकर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश अजय कालिया मारा गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने साहस और नेतृत्व का परिचय दिया था।

एक्सल गैंग का सरगना था अजय कालिया

पुलिस के अनुसार अजय कालिया कुख्यात एक्सल गैंग का सरगना था। गिरोह हाईवे पर चलने वाले वाहनों को निशाना बनाता था। वाहन के आगे लोहे का एक्सल या नुकीली वस्तु डालकर टायर पंचर करने के बाद गिरोह के सदस्य हथियारों के बल पर लूटपाट करते थे। गिरोह पर हत्या और दुष्कर्म समेत कई गंभीर आपराधिक घटनाओं में शामिल होने के आरोप थे।

अजय कालिया बुलंदशहर हाईवे से जुड़े चर्चित गैंगरेप मामले का मुख्य आरोपी बताया गया था। सीबीआई के अलावा मथुरा, अलीगढ़ और बदायूं समेत कई जिलों की पुलिस को उसकी तलाश थी। दो लाख रुपये का इनाम घोषित होने के कारण वह पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।

अब वर्षों बाद उस साहसिक कार्रवाई के लिए राष्ट्रपति गैलेंटरी मेडल मिलना मुनीष प्रताप सिंह की सेवा यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। सम्मान से हापुड़ पुलिस का भी गौरव बढ़ा है।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत