सोशल मीडिया पर मिली सूचना से पुलिस ने टाली अनहोनी, युवक को सुरक्षित किया
साहिल अंसारी
हापुड़ : थाना क्षेत्र के ग्राम हरनाथपुर कोटा में सोशल मीडिया के माध्यम से मिली संवेदनशील सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को सुरक्षित कर लिया। सूचना मिलते ही मुदाफरा चौकी इंचार्ज रोहित कुमार तत्काल युवक के घर पहुंचे और उससे बातचीत कर स्थिति को संभाला। पुलिस की तत्परता से संभावित अनहोनी को समय रहते टाल दिया गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम हरनाथपुर कोटा निवासी निखिल कुमार पुत्र कमल सिंह आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मुदाफरा चौकी इंचार्ज रोहित कुमार ने बिना देरी किए युवक के घर पहुंचकर उसकी स्थिति की जानकारी ली और उसे सुरक्षित किया।
चौकी इंचार्ज रोहित कुमार ने युवक से बातचीत कर उसे समझाया कि जीवन में आने वाली परेशानियों का सामना धैर्य के साथ करना चाहिए। उन्होंने युवक को परिवार के सदस्यों और भरोसेमंद लोगों से अपनी परेशानी साझा करने की सलाह दी। साथ ही भविष्य में किसी भी विपरीत परिस्थिति में इस प्रकार का कदम नहीं उठाने के लिए समझाया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद युवक सुरक्षित रहा। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने भी राहत की सांस ली। पुलिस की तत्परता की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति से जुड़ी ऐसी संवेदनशील सूचना सामने आने पर उसे नजरअंदाज न करें, बल्कि तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक मदद पहुंचाई जा सके।
Comments
Post a Comment