सभासद की बाइक पर चोरों की नजर, काजीवाड़ा में एक दबोचा; दूसरा साथी भाग निकला

साहिल अंसारी
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला काजीवाड़ा में शुक्रवार सुबह बाइक चोरी कर भाग रहे दो युवकों में से एक को स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पकड़ लिया। दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। पकड़े गए युवक को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर फरार साथी की तलाश में जुटी है।

मोहल्ला काजीवाड़ा में काली मस्जिद के सामने नगर पालिका परिषद के वार्ड 27 के सभासद मरगूब हसन रहते हैं। उन्होंने गुरुवार रात अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी की थी। शुक्रवार सुबह दो युवक बाइक का लॉक तोड़कर उसे चोरी कर ले जाने लगे। इसी दौरान नवीन मंडी स्थित अपनी आढ़त पर जा रहे पड़ोसियों की नजर दोनों युवकों पर पड़ गई।

संदिग्ध गतिविधि देखकर लोगों ने शोर मचाते हुए युवकों को घेरने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की सक्रियता से एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी भीड़ को चकमा देकर फरार हो गया। कुछ ही देर में सभासद समेत आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।

पकड़े गए युवक को लेकर लोगों में आक्रोश दिखाई दिया। भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद घटना की सूचना नगर कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ में आरोपी ने खुद को नगर क्षेत्र के ही एक मोहल्ले का निवासी बताया है।

वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित

घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने आरोपी से पूछताछ और पिटाई का वीडियो बना लिया। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। फरार साथी की तलाश के साथ ही वाहन चोरी में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत