गौरव हत्याकांड को लेकर भड़का जनाक्रोश, शहीद स्तंभ पर प्रदर्शन कर उठी कड़ी कार्रवाई की मांग; पीड़ित परिवार की सुरक्षा पर भी जोर
साहिल अंसारी
, हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में गौरव त्यागी की हत्या को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय सैनिक संस्था की जिला इकाई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका परिषद परिसर स्थित शहीद स्तंभ पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हत्याकांड में शामिल आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ताओं ने शहीद स्तंभ पर गौरव त्यागी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी के नेतृत्व में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहीद स्तंभ पर एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि गौरव त्यागी की हत्या जैसी घटना से समाज में आक्रोश है। अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होने से ही लोगों में कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत होगा। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर प्रेमपाल सिंह और क्षेत्राधिकारी अनिता चौहान को सौंपा।
जिलाध्यक्ष मुकेश त्यागी ने हत्यारोपितों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई करने और मृतक के परिवार को तत्काल पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी ने आरोपितों के खिलाफ एनकाउंटर की मांग के साथ पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग उठाई। इस दौरान जिला सचिव मुकेश प्रजापति, जिला सूचना प्रसारण मंत्री श्याम वर्मा, वरिष्ठ जिला संरक्षक हरीराज सिंह त्यागी, ब्रजभूषण त्यागी, हेमराज त्यागी और राजकुमार आदि मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश मंत्री ने गांव पहुंचकर स्वजन को दिया भरोसा
गौरव त्यागी हत्याकांड की जानकारी मिलने पर भाजपा के प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी गुरुवार को बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर आजमपुर पहुंचे। उन्होंने गौरव के शोकाकुल स्वजन से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। साथ ही ग्रामीणों और परिजन से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह से फोन पर वार्ता कर फरार हत्यारोपितों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
बताया गया कि मंगलवार सुबह धनौरा रोड पर कार सवार लोगों ने गौरव त्यागी पर हथौड़ों और लाठियों से हमला कर दिया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
भाजपा प्रदेश मंत्री ने बताया कि गांव में बातचीत के दौरान उनके संज्ञान में आया कि एक पुलिसकर्मी ने पीड़ित परिवार से कथित तौर पर अभद्र भाषा में बातचीत की। उन्होंने एसपी से मामले की जांच कराकर आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्वजन को भरोसा दिलाया कि हत्याकांड के आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।
Comments
Post a Comment