कांवड़ यात्रा के दौरान छपकोली महादेव मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, एसपी ने पहुंचकर परखी व्यवस्था, पुलिसकर्मियों को दिए सतर्कता के निर्देश
मंदिर परिसर, प्रवेश-निकास मार्ग और कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के दिए निर्देश
हापुड़। सावन माह और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर छपकोली स्थित महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे शिवभक्तों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने छपकोली महादेव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और पुलिस व्यवस्था की स्थिति परखी।
एसपी के निरीक्षण के दौरान हाफिजपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर के साथ ही प्रवेश और निकास मार्ग, श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले स्थानों तथा आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सावन माह में बड़ी संख्या में शिवभक्त मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं। कांवड़ यात्रा के चलते श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है। एसपी ने पुलिसकर्मियों को भीड़ को व्यवस्थित रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को जलाभिषेक के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करें और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए लगातार निगरानी की जाए।
Comments
Post a Comment