कांवड़ियों के जलाभिषेक को लेकर प्रशासन अलर्ट, शिवरात्रि पर डीएम कविता मीना ने चार शिव मंदिरों का किया निरीक्षण, सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक का लिया जायजा


साहिल अंसारी
सबली महादेव, छपकोली शिव मंदिर, ब्रजघाट नक्का कुआं और कल्याणेश्वर मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

हापुड़। शिवरात्रि पर्व पर बुधवार को जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। कांवड़ियों की सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिलाधिकारी कविता मीना ने जनपद के चार प्रमुख शिव मंदिरों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए की गई सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सबली महादेव मंदिर, छपकोली शिव मंदिर, ब्रजघाट स्थित नक्का कुआं मंदिर और गढ़ क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर स्थित कल्याणेश्वर मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कांवड़ियों की आवाजाही, जलाभिषेक की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि शिवरात्रि पर्व को देखते हुए मंदिरों में व्यवस्थाएं पहले ही दुरुस्त कर ली गई थीं, ताकि कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को जलाभिषेक के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

डीएम ने मंदिरों में कांवड़ियों के लिए उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने दवाइयों और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था के बारे में संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि किसी श्रद्धालु की तबीयत खराब होने पर उसे तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मंदिर परिसरों में साफ-सफाई और पेयजल समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी बनाए रखने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिवरात्रि पर्व के दौरान मंदिरों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं लगातार सुचारू रखी जाएं।

जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में कांवड़ियों ने शांतिपूर्वक भगवान शिव का जलाभिषेक किया। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के चलते शिवरात्रि पर्व पर व्यवस्थाएं सामान्य बनी रहीं।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत