विभाजन के दर्द से लेकर तिरंगे की शान तक, आर्य कन्या महाविद्यालय में गूंजा एकता और देशभक्ति का संदेश
साहिल अंसारी
हापुड़। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में इतिहास विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर मनीला रोहतगी के संयोजन में छात्राओं को भारत-पाकिस्तान विभाजन की त्रासदी पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई। वहीं, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से ‘हर घर तिरंगा रैली’ निकालकर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। इसके अलावा ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर पोस्टर और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन कर छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को भी मंच प्रदान किया गया।
दोपहर 12 बजे स्मार्ट कक्षा में आयोजित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन से पहले प्रोफेसर मनीला रोहतगी ने भारत-पाकिस्तान विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को बताया कि वर्ष 1947 का विभाजन भारतीय इतिहास की ऐसी त्रासदी थी, जिसने लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित किया। विभाजन के दौरान लोगों को विस्थापन, पीड़ा और कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को इतिहास के इस अध्याय से परिचित कराना इसलिए आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अतीत से सीख लेकर देश की एकता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने में योगदान दें। इसके बाद विभाजन की त्रासदी पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इतिहास हमें केवल अतीत की घटनाओं की जानकारी नहीं देता, बल्कि उनसे सीख लेने का अवसर भी देता है। विभाजन की त्रासदी से सीख लेकर सभी को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ रहना चाहिए। देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
तिरंगा लेकर निकली छात्राएं, दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश
कार्यक्रमों की श्रृंखला में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमारी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा रैली’ का आयोजन किया गया। प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर ने डॉ. सर्वेश कुमारी को तिरंगा सौंपकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। रैली के माध्यम से छात्राओं ने लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करने का संदेश दिया।
पोस्टर और रंगोली में दिखी छात्राओं की रचनात्मकता
इसी क्रम में चित्रकला विभाग की अध्यक्ष डॉ. धनेश्वरी कबीरा के निर्देशन में ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कुल 10 छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से तिरंगे, देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से जुड़े संदेशों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया।
निर्णायक मंडल की सदस्य प्रोफेसर वसुधा श्री और प्रोफेसर करुणा गुप्ता ने प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन किया। रंगोली प्रतियोगिता में कुमारी कायनात ने प्रथम, कुमारी कनक ने द्वितीय और कुमारी दीपांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में कुमारी शिवानी प्रथम, कुमारी दीपांशी रानी द्वितीय और कुमारी नेहा तृतीय स्थान पर रहीं। प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर ने विजेता छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों की प्राध्यापिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर सभागार में उपस्थित सभी लोगों ने एक साथ राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान और एकता का संकल्प दोहराया।
Comments
Post a Comment