कांवड़ यात्रा में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट, मानक से अधिक ऊंचाई वाले डीजे पर कसा शिकंजा



साहिल अंसारी

डीजे रुकवाकर मानक के अनुसार कराया दुरुस्त, संचालक को नियमों का पालन करने की दी सख्त हिदायत

हापुड़। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल संपन्न कराने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कांवड़ यात्रा मार्गों पर पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। शासन की ओर से निर्धारित मानकों का पालन कराने के लिए पुलिस ने डीजे संचालकों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक थाना हापुड़ नगर मनीष चौहान ने कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्धारित मानक से अधिक ऊंचाई वाला डीजे मिलने पर पुलिस ने उसे रुकवा लिया। डीजे संचालक को मानक के अनुरूप व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। पुलिस की सख्ती के बाद डीजे को निर्धारित मानक के अनुसार दुरुस्त कराया गया।

पुलिस ने डीजे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान शासन की ओर से निर्धारित ध्वनि सीमा और अन्य नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए। निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने से आसपास के लोगों को परेशानी होने के साथ यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। इसलिए ध्वनि सीमा का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई।

पुलिस ने यह भी निर्देश दिए कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद डीजे को तत्काल बंद किया जाए और यात्रा के लिए निर्धारित मार्ग का ही प्रयोग किया जाए। डीजे या कांवड़ यात्रा के कारण किसी भी स्थिति में यातायात बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया।


पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को चेतावनी दी कि शासन के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत