शिवभक्तों की सेवा में आगे आया मुस्लिम समाज, मेडिकल कैंप लगाकर दिया उपचार; हिंदू-मुस्लिम एकता की पेश की मिसाल


साहिल अंसारी

पुरानी चुंगी पर कांवड़ियों को मुफ्त प्राथमिक उपचार, दवाइयां और थकान से राहत की सेवाएं उपलब्ध कराईं

, हापुड़। सावन मास में हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर पैदल बढ़ रहे शिवभक्तों की सेवा के लिए डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से पुरानी चुंगी स्थित अस्थायी पुलिस चौकी पर मेडिकल कैंप लगाया। कैंप में कांवड़ियों को निश्शुल्क प्राथमिक उपचार, मरहम-पट्टी, दर्द निवारक दवाइयां, थकान दूर करने वाले स्प्रे समेत जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। मुस्लिम समाज से ताल्लुक रखने वाले सोसाइटी के चेयरमैन व नगर पालिका परिषद हापुड़ के ब्रांड एंबेसडर मौ. दानिश कुरैशी और उनकी टीम की इस पहल की लोगों ने सराहना की।

मेडिकल कैंप का उद्घाटन राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य मनोज वाल्मीकि, सीओ सिटी अनिता चौहान, एसडीओ विद्युत दिवेश कुमार, तहसीलदार सदर स्वाति गुप्ता और प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने किया। कैंप में पहुंचने वाले शिवभक्तों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर चिकित्सकों ने जांच कर आवश्यक उपचार और दवाएं उपलब्ध कराईं।

सोसाइटी के चेयरमैन मौ. दानिश कुरैशी ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। सेवा का उद्देश्य किसी धर्म विशेष तक सीमित नहीं, बल्कि इंसानियत और भाईचारे का संदेश देना है। चिकित्सक डॉ. असद सिद्दीकी और डॉ. एनके सिंह ने कहा कि देश मोहब्बत और भाईचारे से चलता है। शिवभक्तों की सेवा सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में छोटा लेकिन महत्वपूर्ण प्रयास है।

कांवड़ यात्रा में उत्कृष्ट सेवा के लिए सोसाइटी की ओर से सीओ सिटी अनिता चौहान, एसडीओ दिवेश कुमार, तहसीलदार स्वाति गुप्ता, थाना प्रभारी मनीष चौहान और अवर अभियंता अशोक कुमार को अंगवस्त्र व गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।

राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य मनोज वाल्मीकि और सीओ अनिता चौहान ने कहा कि सेवा, करुणा और समर्पण को धर्म से ऊपर रखकर किया गया कार्य समाज में प्रेम और सद्भाव बढ़ाता है। इस दौरान सोसाइटी के पदाधिकारी, चिकित्सक और वालंटियर मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत