भीड़ में बड़ी एंबुलेंस के पहुंचने में देरी हुई तो बाइक एंबुलेंस बनेगी जीवनरक्षक, कांवड़ मार्गों पर रहेगी तैनात
कांवड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता, डीएम कविता मीना ने कलेक्ट्रेट से बाइक एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी
हापुड़। सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने पहल की है। शुक्रवार को जिलाधिकारी कविता मीना ने कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर से बाइक एंबुलेंस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भीड़भाड़ और यातायात के कारण बड़ी एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने में होने वाली देरी के बीच बाइक एंबुलेंस कम समय में जरूरतमंद कांवड़ियों तक पहुंचकर प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने में मदद करेगी।
जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांवड़ यात्रा के दौरान मार्गों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में आपात स्थिति में बड़ी एंबुलेंस को घटनास्थल तक पहुंचने में समय लग सकता है। बाइक एंबुलेंस ऐसे स्थानों पर तेजी से पहुंचकर स्वास्थ्यकर्मियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में मदद करेगी।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया गया है। कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या अचानक चिकित्सा सहायता की आवश्यकता होने पर बाइक एंबुलेंस के माध्यम से तत्काल मदद पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। चिकित्सा टीमों को सक्रिय रखते हुए जरूरत के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। बाइक एंबुलेंस की तैनाती से भीड़भाड़ वाले कांवड़ मार्गों पर आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं और तेजी से पहुंचने की उम्मीद है। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment