कोठी गेट पर टूटी नाले की पुलिया बनी मुसीबत, मंदिर जाने वाले श्रद्धालु और दुकानदार परेशान
लाइफ लाइन हॉस्पिटल के सामने पुलिया टूटने से आवागमन प्रभावित, शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान
हापुड़। शहर के कोठी गेट क्षेत्र में लाइफ लाइन हॉस्पिटल के सामने सड़क किनारे नाले की टूटी पुलिया लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों के साथ ही मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित सभासद और नगर पालिका के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कोठी गेट क्षेत्र में दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में नाले की पुलिया टूटी होने से वाहन चालकों को सावधानी से निकलना पड़ता है। विशेषकर मंदिर की ओर जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। आसपास दुकानें होने के कारण यहां अक्सर लोगों की आवाजाही भी रहती है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
दुकानदारों ने बताया कि पुलिया की स्थिति को लेकर कई बार शिकायत की गई है। सभासद को भी समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद अब तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ। दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से जल्द से जल्द टूटी पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके
अब देखना यह है कि स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद नगर पालिका कब इस समस्या का संज्ञान लेकर कार्रवाई करती है।
Comments
Post a Comment