नशा मुक्ति अभियान में लोकगीत से दिया जागरूकता का संदेश, आर्य कन्या महाविद्यालय की छात्राएं प्रथम


साहिल अंसारी

हापुड़। नशा मुक्ति युवा एवं विकसित भारत-संकल्प अभियान के तहत रविवार को जेएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन, हापुड़ में जिला स्तरीय पोस्टर, नुक्कड़ नाटक, नृत्य और लोकगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, माई भारत और प्रत्यूषा युवा विकास परिषद, उत्तर प्रदेश के सौजन्य से किया गया। प्रतियोगिताओं में जिले के करीब 15 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

लोकगीत प्रतियोगिता में आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हापुड़ की छात्राओं ने नशा मुक्ति का संदेश देते हुए प्रभावशाली लोकगीत प्रस्तुत किया। संगीत विभाग की अध्यक्षा डा. उपासना शर्मा के नेतृत्व में छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। प्रतियोगिता में आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग सकारात्मक दिशा में किया जाना चाहिए।
बताया गया कि दो अगस्त को प्रधानमंत्री द्वारा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत देशभर के 10 हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों और एक करोड़ से अधिक युवाओं को सहभागी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत