नशे के खिलाफ छात्राओं ने बुलंद की आवाज, लघु नाटिका और लोकगीत से दिया जागरूकता का संदेश
साहिल अंसारी
हापुड़। आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एमवाई भारत पोर्टल समिति, साहित्यिक-सांस्कृतिक समिति और क्रीड़ा समिति के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में छात्राओं ने खेल, लोकगीत, लघु नाटिका, पदयात्रा और पोस्टर के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
क्रीड़ा समिति की संयोजिका प्रो. सरोजिनी के नेतृत्व में कैरम बोर्ड, चाइनीज चेकर और शतरंज समेत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं कराई गईं। संगीत विभाग की अध्यक्ष डॉ. उपासना शर्मा के निर्देशन में छात्राओं ने नशामुक्ति पर आधारित लोकगीत प्रस्तुत किया। वहीं विनिता पारस के नेतृत्व में शादिका, टीना सैनी, मनीषा रानी और मनु आदि छात्राओं ने लघु नाटिका प्रस्तुत कर नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया।
अंग्रेजी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. मीनू कश्यप के नेतृत्व में छात्राओं ने पदयात्रा निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। कला विभाग की अध्यक्ष डॉ. धनेश्वरी कबीरा के निर्देशन में ‘नशा मुक्त युवा भारत’ विषय पर आकर्षक पोस्टर बनाए गए।
एमवाई भारत पोर्टल समिति की संयोजिका प्रो. अमिता शर्मा ने छात्राओं को नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या प्रो. साधना तोमर ने कहा कि नशामुक्ति की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर से करनी चाहिए। साहित्यिक-सांस्कृतिक समिति की अध्यक्ष प्रो. वसुधा श्री ने सभी का आभार जताया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Comments
Post a Comment