महंगी चीनी के बीच व्यापारी सुरक्षा फोरम ने दी राहत, 60 रुपये किलो में बांटी चीनी
साहिल अंसारी
बाजार में 65 से 70 रुपये किलो तक पहुंची चीनी, मंडी पक्का बाग में लगे रियायती स्टॉल पर उमड़ी लोगों की भीड़; विधायक विजयपाल आढ़ती ने किया वितरण
हापुड़। बाजार में चीनी के दाम 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने से आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। ऐसे में व्यापारी सुरक्षा फोरम रजिस्टर्ड संस्थान की ओर से बुधवार को मंडी पक्का बाग में रियायती दर पर चीनी का स्टॉल लगाकर लोगों को राहत देने की पहल की गई। स्टॉल पर उपभोक्ताओं को 60 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराई गई। सस्ती दर पर चीनी मिलने की जानकारी होते ही स्टॉल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने पहुंचकर स्वयं लोगों को चीनी वितरित की। उन्होंने व्यापारी सुरक्षा फोरम के जनहित कार्य की सराहना करते हुए कहा कि महंगाई के दौर में व्यापारियों की ओर से आम लोगों को राहत देने के लिए उठाया गया यह कदम सराहनीय है। उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों का आभार जताया।
संस्था के जिलाध्यक्ष अरुण गर्ग ने कहा कि व्यापारी सुरक्षा फोरम हमेशा समाजहित के कार्यों में आगे रहेगा। जिला महामंत्री दीपक गोयल ने कहा कि व्यापारी वर्ग हर परिस्थिति में शासन-प्रशासन के साथ खड़ा रहा है और जरूरतमंदों की मदद के लिए भी तत्पर है। जिला कोषाध्यक्ष विमेश गोयल ने बताया कि संगठन की ओर से जल्द ही जिले के अन्य स्थानों पर भी रियायती दर पर चीनी के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
इस दौरान सचिन जिंदल, विनोद अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, मनीष सिंघल, जिला प्रचार मंत्री गौरव गोयल, येशु अग्रवाल, जयप्रकाश, विकास मंगल, अनूप कलीवाले, सुनील प्रधान, विकास अग्रवाल, मनोज मुन्ना, विशाल महेश्वरी, अंकुर गोयल, अंकुर कंसल, राजीव आड़वाले सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment