कांवड़ यात्रा के मद्देनजर खाद्य विभाग का छापा, 44 हजार रुपये कीमत का 200 किलो संदिग्ध पनीर कराया नष्ट


सोनू मसूदी

हापुड़। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को अभियान चलाया। टोडलपुर-सिंभावली मार्ग पर जांच के दौरान पनीर से लदी गाड़ी को रोककर जांच की गई। ड्रमों में अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखा करीब 200 किलोग्राम पनीर प्रथमदृष्टया संदिग्ध प्रतीत होने पर जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया गया। नष्ट किए गए पनीर की कीमत करीब 44 हजार रुपये बताई गई है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में टीम ने बुधवार सुबह करीब आठ बजे टोडलपुर-सिंभावली की ओर से आ रही पनीर से लदी गाड़ी को पकड़ा। जांच के दौरान पनीर ड्रमों में अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में भंडारित मिला। अधिकारियों को पनीर प्रथमदृष्टया मिलावटी प्रतीत हुआ।

टीम ने पनीर के दो नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की। पूछताछ में पनीर टोडलपुर निवासी जमील का बताया गया। करीब 200 किलोग्राम पनीर को मौके पर जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया गया। विभाग के अनुसार इसकी अनुमानित कीमत करीब 44 हजार रुपये है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोवेन्द्र सिंह पंघाल और सहरिश सादात मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत