सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम सख्त, 30 अनफिट स्कूली वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश; ओवरस्पीड रोकने को लगेंगे कैमरे



सोनू मसूदी

हापुड़। जनपदस्तरीय सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक बुधवार को जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, स्कूली बच्चों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सामने आया कि जिले में 30 विद्यालयी वाहन बिना फिटनेस के संचालित हो रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को ऐसे विद्यालयों का भौतिक निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। विद्यालय प्रतिनिधियों को तत्काल वाहनों के सभी आवश्यक प्रपत्र दुरुस्त कराने के बाद ही संचालन करने और इसकी सूचना उपलब्ध कराने को कहा गया। अनफिट वाहनों के खिलाफ ‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0’ अभियान के तहत सभी संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने के लिए ई-रिक्शा और वैन का प्रयोग न किया जाए। विद्यालय प्रबंधन अभिभावकों को भी ऐसे वाहनों से बच्चों को स्कूल न भेजने के लिए जागरूक करें। बच्चों को विद्यालय से संबद्ध और निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा करने वाले वाहनों से ही स्कूल भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन कराने की जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन की होगी।

बैठक में छिजारसी टोल पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठा। डीएम ने टोल के दोनों कट पर हाईट बैरियर लगाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि जिले में सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं ओवरस्पीड के कारण हो रही हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए एनएचएआई के मुरादाबाद और गाजियाबाद खंड को ओवरस्पीड कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा ब्लैक स्पॉट पर किए गए अल्पकालिक और दीर्घकालिक सुरक्षा कार्यों का दोबारा निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया। दुर्घटना होने पर एंबुलेंस और क्रेन के निर्धारित समय में मौके पर पहुंचने की व्यवस्था की भी जांच कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम संदीप कुमार समेत पीडब्ल्यूडी, परिवहन विभाग, एनएचएआई, शिक्षा विभाग और विद्यालयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत