पिलखुवा में विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 30 हजार लोगों को जलनिकासी समस्या से राहत की उम्मीद
जगदीश मकान
15 अगस्त से लागू होगी ओटीएस योजना, ब्याज-सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट; 6.80 करोड़ से बनेगा आधुनिक ऑडिटोरियम
पिलखुवा। नगर पालिका परिषद पिलखुवा ने नगर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इनमें गृहकर, जलकर और सीवर कर के बकायेदारों के लिए एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस), रेलवे भूमि पर नाला निर्माण, आधुनिक ऑडिटोरियम की स्वीकृति, पार्कों का विकास और सरकारी भूमि को अतिक्रमण से बचाने के लिए बाउंड्रीवाल निर्माण समेत कई कार्य शामिल हैं। पालिका के इन निर्णयों से नगरवासियों को सीधे तौर पर राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पालिका की ओर से 15 अगस्त से 15 दिसंबर 2026 तक गृहकर, जलकर एवं सीवर कर के बकायेदारों के लिए ओटीएस योजना लागू की जाएगी। योजना के तहत बकाया कर जमा करने वाले उपभोक्ताओं को ब्याज और सरचार्ज पर 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। पालिका ने करदाताओं से निर्धारित अवधि में योजना का लाभ उठाकर अपने बकाया करों का निस्तारण कराने की अपील की है।
तीन दशक पुरानी जलनिकासी समस्या के समाधान की उम्मीद
रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों में करीब तीन दशक से चली आ रही जलनिकासी की समस्या के समाधान की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट और रेलवे प्रशासन से समन्वय के बाद रेलवे ने पिलर संख्या तीन से 12 तक नाला निर्माण के लिए रेलवे भूमि उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी है। नाला निर्माण होने से छिद्दापुरी, भोलापुरी, नवरंगपुरी, पबला रोड, रमपुरा, मंडी क्षेत्र और आसरा कॉलोनी समेत आसपास के करीब 30 हजार नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
6.80 करोड़ से बनेगा आधुनिक ऑडिटोरियम
नगर के सांस्कृतिक, शैक्षिक और सामाजिक आयोजनों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से करीब 6.80 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक ऑडिटोरियम की स्वीकृति मिली है। इसके निर्माण के बाद बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। वहीं, पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क, नमो पार्क, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क और शहीद स्थल पार्क का विकास किया गया है। इनमें ओपन जिम समेत अन्य जनसुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
सरकारी भूमि पर कब्जे के खिलाफ कार्रवाई
सरकारी भूमि को अतिक्रमण से बचाने के लिए संतोकड़ी क्षेत्र में बाउंड्रीवाल निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। आगामी चरणों में अन्य सरकारी भूमि पर भी सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी। पुरानी नगर पालिका भवन परिसर में मिनी कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए एचपीडीए से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इससे नगर में व्यावसायिक सुविधाओं का विस्तार होने के साथ पालिका की आय बढ़ने की उम्मीद है।
इन विकास कार्यों को लेकर सभासद चेतन राणा, सभासद सचिन पुंडीर, प्रदीप तेवतिया, जिला मीडिया प्रभारी अमित टांक, संजय अकेला और दीपक राबिया समेत अन्य लोगों ने नगरहित में लिए गए निर्णयों को महत्वपूर्ण बताया। नगर पालिका का कहना है कि जनहित सर्वोपरि है और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। नगर को स्वच्छ, विकसित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विकास कार्यों को लगातार गति दी जाएगी।
Comments
Post a Comment