सिम्भावली पुलिस ने विद्युत तार चोर गिरोह के पांच सदस्यों को दबोचा, 2.5 कुंतल तार समेत तमंचा-चाकू बरामद
साहिल अंसारी
विद्युत तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार; 2.5 कुंतल तार और तमंचा बरामद
, हापुड़। सिम्भावली पुलिस ने चेकिंग के दौरान विद्युत ट्रांसफार्मर के उपकरण और तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 2.5 कुंतल चोरी का विद्युत तार, 40 हजार रुपये नकद, चोरी करने के उपकरण, एक तमंचा-कारतूस, चार चाकू और वारदात में प्रयुक्त दो वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोनिश, अरबाज और नाजिम निवासी पपसरा खादर थाना गजरौला, अमरोहा तथा नौशाद और जमशेद निवासी उमरीपीर थाना हीमपुर दीपा, बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस ने पांचों को हरोड़ा नया फ्लाईओवर के सर्विस रोड पर पहले अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपितों ने बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव मुदाफरा के जंगल सहित बहादुरगढ़ क्षेत्र तथा गाजियाबाद, मेरठ और संभल समेत अन्य जनपदों में विद्युत तार चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित शातिर किस्म के विद्युत तार चोर हैं। इनके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में विद्युत तार चोरी और आर्म्स एक्ट समेत करीब सात दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बरामद सामान में तार काटने वाला कटर, प्लास, रबर के दस्ताने, हुक और रस्सी भी शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और चार अवैध चाकू बरामद किए। वारदात में प्रयुक्त वेन्यू कार और रॉयल एनफील्ड बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में सिम्भावली थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Comments
Post a Comment