धनौरा रोड पर दिनदहाड़े युवक की पीट-पीटकर हत्या, सात नामजद; दो हिरासत में, पांच पर 25-25 हजार का इनाम
साहिल अंसारी
पांच फरार आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम, गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के धनौरा रोड पर मंगलवार सुबह मुकदमे की पैरवी से जुड़े विवाद में कार सवार हमलावरों ने एक युवक पर लाठी-डंडों, लोहे की सरिया और हथौड़े से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमे में नामजद सात आरोपितों में से दो को हिरासत में ले लिया है। वहीं, फरार पांच आरोपितों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी गौरव त्यागी के पिता पूर्व में दर्ज एक जानलेवा हमले के मुकदमे में पैरवी कर रहे थे। मंगलवार सुबह गौरव किसी काम से धनौरा रोड से होकर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान कार सवार लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। कार से उतरकर आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों, सरिया और हथौड़े से गौरव पर हमला कर दिया।
हमले में गौरव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। चीख-पुकार सुनकर राहगीर मौके की ओर दौड़े तो आरोपित धमकी देते हुए कार से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। परिजन उसे मेरठ ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना हापुड़ देहात में सात नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 353/26, धारा 191(2), 191(3), 190, 103 और 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जनपद स्तर पर तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात नामजद आरोपितों में से दो को हिरासत में ले लिया है। वहीं, फरार पांच आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने फरार आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
Comments
Post a Comment