खेत से घर लौटे पिता तो गायब मिली 21 वर्षीय बेटी, अज्ञात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
हापुड़। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के मोरपुर गांव से 21 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। खेत से घर लौटे पिता को बेटी घर पर नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पिता ने अज्ञात व्यक्ति पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए हाफिजपुर थाने में शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।
मोरपुर निवासी टेकचंद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 21 वर्षीय बेटी दीपा मंगलवार दोपहर घर पर थी। करीब एक बजे वह खेत से ईख बांधकर घर वापस लौटे। घर पहुंचने पर बेटी वहां नहीं मिली। उन्होंने आसपास के क्षेत्र में तलाश करने के साथ ही रिश्तेदारों और परिचितों से भी उसके बारे में जानकारी की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
काफी तलाश के बाद भी युवती का पता नहीं चलने पर परिजन थाने पहुंचे। पिता ने पुलिस को बताया कि उन्हें आशंका है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने पुलिस से बेटी की तलाश कर उसे बरामद करने की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवती के बारे में जानकारी जुटाने के साथ उसके संभावित ठिकानों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और युवती की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Comments
Post a Comment