कांग्रेस विचार विभाग की बैठक में भाजपा पर बरसे नेता, बोले- 2027 में यूपी से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगा इंडिया गठबंधन
जगदीश माकन
हापुड़। बुलंदशहर रोड स्थित आईएमआईटी कॉलेज में रविवार को कांग्रेस के विचार विभाग की बैठक आयोजित हुई। इसमें विचार विभाग कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन प्रवीण डाबर, राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय उपाध्याय, राष्ट्रीय महासचिव रघुनंदन त्यागी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश मंडल अध्यक्ष राकेश कुशवाहा समेत कई पदाधिकारी पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने नेताओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन प्रवीण डाबर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और डॉ. भीमराव आंबेडकर का देश निर्माण और संविधान की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने और जनता के बीच पहुंचकर संवाद करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय उपाध्याय ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्षी दलों को एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से सरकार का मुकाबला करना होगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन भाजपा को कड़ी चुनौती देगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि छात्रों के आंदोलनों ने केंद्र सरकार पर दबाव बनाया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है।
बैठक की अध्यक्षता विचार विभाग कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सीमा शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की एकजुटता आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए बड़ी चुनौती बनेगी। कार्यक्रम का संचालन अल्पसंख्यक विभाग कांग्रेस के जिला चेयरमैन हसन आतिफ ने किया।
इस दौरान शहर अध्यक्ष इरफान अहमद, पिलखुवा नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी, पूर्व विधायक गजराज सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सैयद अयाजुद्दीन, मिथुन त्यागी, पूर्व शहर अध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा, डा. शोएब, मानवी सिंह, रश्मि चौधरी, रामप्रसाद जाटव, एडवोकेट मनोज शर्मा समेत कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment