बालिका शिक्षा के क्षेत्र में हापुड़ का बढ़ाया गौरव, स्वाति गर्ग को मिला ‘दिल्ली गौरव अवार्ड 2026’, तीन दशक के सामाजिक कार्यों को मिली पहचान


जगदीश माकन

बालिका शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय में हुआ सम्मान

संवाददाता, हापुड़। बालिका शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में तीन दशक से अधिक समय से सक्रिय शिक्षा भारती की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गर्ग को प्रतिष्ठित ‘दिल्ली गौरव अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और सामाजिक रूप से सशक्त करने के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान मिलने पर शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी।

नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय में शनिवार को संस्कृति युवा संस्था की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने स्वाति गर्ग को ‘दिल्ली गौरव अवार्ड 2026’ प्रदान किया। इस अवसर पर राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सम्मान प्राप्त करने के बाद स्वाति गर्ग ने कहा कि यह उनके लिए बेहद भावनात्मक और गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने पुरस्कार को शिक्षा भारती परिवार, शिक्षकों, छात्राओं और संस्था के सहयोगियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान बालिकाओं की शिक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को और गति देने की प्रेरणा देगा।

स्वाति गर्ग ने बताया कि शिक्षा भारती पिछले करीब 30 वर्षों से बालिकाओं की शिक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था की ओर से बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही जनजातीय छात्राओं के लिए छात्रावास सुविधा, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाया जा सकता है और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। संस्कृति युवा संस्था का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को मिलने वाले ऐसे सम्मान उन्हें आगे भी बेहतर कार्य करने के लिए नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत