शहर में बढ़ते आवारा कुत्तों के झुंड पर लगेगी लगाम, पालिका ने शुरू की 1800 कुत्तों के बधियाकरण की तैयारी
साहिल अंसारी
गलियों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ी परेशानी, पांच दिन में 594 लोगों को लगा एंटी रेबीज टीका; पालिका ने शुरू की टेंडर प्रक्रिया
हापुड़। शहर की गलियों, मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर आवारा कुत्तों के बढ़ते झुंड से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। आए दिन सड़कों पर कुत्तों के पीछे दौड़ने और वाहनों के सामने अचानक आने से हादसे का खतरा बना रहता है। बच्चों और बुजुर्गों में भी आवारा कुत्तों को लेकर भय का माहौल है। समस्या को देखते हुए नगर पालिका परिषद ने शहर के करीब 1800 आवारा कुत्तों का बधियाकरण कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पालिका की योजना के तहत चिह्नित क्षेत्रों से आवारा कुत्तों को पकड़कर निर्धारित केंद्र पर ले जाया जाएगा। वहां उनका बधियाकरण कराने के साथ उपचार और देखभाल की जाएगी। स्वस्थ होने के बाद कुत्तों को उसी क्षेत्र में वापस छोड़ा जाएगा, जहां से उन्हें पकड़ा गया था। अधिकारियों के अनुसार, इस प्रक्रिया से आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
झुंड में घूमते कुत्तों से राहगीर परेशान
शहर के कई मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर कुत्ते झुंड बनाकर घूमते दिखाई देते हैं। सड़क पर अचानक कुत्तों के आने से दोपहिया वाहन चालकों के संतुलन बिगड़ने का खतरा रहता है। वहीं पैदल राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों के पीछे कुत्तों के दौड़ने से लोग सहम जाते हैं। स्थानीय लोगों ने पालिका से अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के साथ नियमित निगरानी की मांग की है।
स्थानीय निवासी शाहबाज सैफी, , गौरव त्यागी, एहतेशाम, आबिद अंसारी और पप्पू केले वाले ने कहा कि अभियान सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक क्षेत्र में कितने कुत्तों का बधियाकरण हुआ, इसका रिकॉर्ड तैयार किया जाए और अभियान की नियमित समीक्षा की जाए।
पांच दिन में 594 लोगों को लगा एंटी रेबीज टीका
आवारा कुत्तों की समस्या के बीच कुत्तों के काटने के बाद एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या भी सामने आई है। गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डा. कपिल गौतम ने बताया कि 20 अगस्त को 150, 21 अगस्त को 107, 22 अगस्त को 102, 23 अगस्त को 83 और 24 अगस्त को 152 लोगों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई। पांच दिनों में कुल 594 लोगों को वैक्सीन दी गई।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही शुरू होगा अभियान
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि करीब 1800 आवारा कुत्तों के बधियाकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रक्रिया पूरी होते ही अभियान शुरू कराया जाएगा। कुत्तों को पकड़ने, बधियाकरण, उपचार और स्वस्थ होने के बाद उन्हें उसी क्षेत्र में छोड़ने की व्यवस्था की जाएगी। इससे शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
Comments
Post a Comment