छपकौली नहर में युवक ने लगाई छलांग, डूबने लगा तो कांवड़ मेले में मौजूद बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने संभाला मोर्चा; पुलिस ने ग्रामीणों संग रेस्क्यू कर बचाई 17 वर्षीय अमर की जान
साहिल अंसारी
कांवड़ मेले में ड्यूटी के बीच सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी, पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सकुशल नहर से बाहर निकाला
, बाबूगढ़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव लुकराड़ा निवासी 17 वर्षीय अमर ने छपकौली नहर में अचानक छलांग लगा दी। नहर में पानी गहरा होने के कारण युवक डूबने लगा। युवक को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पास में ही मेले में ड्यूटी कर रहे बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।
नहर में पानी अधिक होने के कारण युवक को सुरक्षित बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम युवक को सकुशल नहर से बाहर निकालने में सफल रही। इसके बाद पुलिस ने युवक के परिजनों की जानकारी जुटाई और उन्हें मौके पर बुलाकर अमर को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार की तत्परता से बची जान
घटना के दौरान बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने जिस तत्परता से मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान की कमान संभाली, उसकी स्थानीय लोगों ने सराहना की। अधिकारियों और ग्रामीणों ने पुलिस टीम के साहस और मानवीय पहल की प्रशंसा की। समय रहते पुलिस के पहुंचने और ग्रामीणों के सहयोग से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस के अनुसार बचाए गए युवक की पहचान अमर पुत्र कमल सिंह निवासी गांव लुकराड़ा, थाना बाबूगढ़ के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 17 वर्ष बताई गई है। बताया गया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है। युवक के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
बताया गया कि अमर कुछ दिन पहले भी चर्चा में आया था। वह थाना देहात की दोयमी चौकी पर पहुंचा था और चौकी प्रभारी की कैप लगाकर पुलिस की फाइलें पढ़ता नजर आया था। उस दौरान उसका फोटो और वीडियो भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना था। अब छपकौली नहर में छलांग लगाने के बाद बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और पुलिस टीम की तत्परता से उसकी जान बचाए जाने की घटना सामने आई है। पुलिस के मानवीय और संवेदनशील रवैये की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
Comments
Post a Comment