पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति दिलाना संस्थानों की जिम्मेदारी, डीएम ने 15 अगस्त तक प्रक्रिया पूरी करने के दिए निर्देश


संवाददाता सोनू मसूदी

, हापुड़। दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को समय से लाभ दिलाने के लिए जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के सभी दशमोत्तर संस्थानों (कक्षा 11-12 से उच्च) के प्राचार्य और प्रधानाचार्यों की बैठक हुई। इसमें मुख्य विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी ने शासन की ओर से जारी छात्रवृत्ति की समय सारिणी की जानकारी दी। उन्होंने सभी संस्थानों को 15 अगस्त 2026 तक छात्रवृत्ति पोर्टल पर संस्थान से संबंधित समस्त जानकारी और प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने कहा कि छात्रवृत्ति नियमावली के अनुसार पात्र विद्यार्थियों के आवेदन ही संस्थान द्वारा अग्रसारित किए जाएं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ लेने के लिए संस्थान का राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर पंजीकरण आवश्यक है। वहीं मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद के 108 संस्थानों में अभी तक केवल 45 संस्थानों ने अखिल भारतीय उच्च शिक्षा सर्वेक्षण से संबंधित कार्रवाई पूरी की है। शेष संस्थानों को भी निर्धारित समय से पहले प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। किसी तरह की समस्या आने पर तत्काल संबंधित विभाग से संपर्क कर समाधान कराने को कहा गया।

जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि प्रत्येक संस्थान समयसीमा के भीतर छात्रवृत्ति पोर्टल पर सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी करे। पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाना संस्थानों की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी विद्यार्थी के आवेदन या पोर्टल संबंधी प्रक्रिया में समस्या आती है तो संस्थान समय रहते संबंधित विभाग को लिखित रूप में अवगत कराकर उसका समाधान कराएं, ताकि पात्र छात्र छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहें।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत