स्वतंत्रता दिवस पर हाई अलर्ट में हापुड़, 11 क्यूआरटी और 31 चेकिंग प्वाइंट से होगी हर गतिविधि पर नजर

साहिल अंसारी
मेरठ परिक्षेत्र में पांच विशेष अभियान शुरू, करीब चार हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेदारी

 हापुड़। स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। 15 अगस्त को होने वाली तिरंगा यात्राओं, प्रभात फेरियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए मेरठ परिक्षेत्र में व्यापक पुलिस प्रबंध किए गए हैं। डीआइजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी के निर्देश पर बुधवार से पांच विशेष चेकिंग अभियान शुरू कर दिए गए हैं।

इनमें ऑपरेशन शील, ऑपरेशन कवच, ऑपरेशन पहचान, ऑपरेशन बाजार और ऑपरेशन स्वीप शामिल हैं। ऑपरेशन शील के तहत अंतरराज्यीय, अंतरजनपदीय और थाना सीमाओं पर बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जाएगी। ऑपरेशन कवच के तहत स्कूल-कालेज, बैंक, एटीएम, वित्तीय संस्थानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रहेगी।

ऑपरेशन पहचान के तहत दोपहिया और चारपहिया वाहनों, तीन सवारी, काली फिल्म, हेलमेट और हूटर आदि की जांच होगी। ऑपरेशन बाजार के तहत बाजारों, मॉल और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध वाहनों, वस्तुओं और व्यक्तियों की जांच की जाएगी। वहीं ऑपरेशन स्वीप के तहत होटल, धर्मशाला, सराय, ढाबों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भौतिक एवं सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जाएगी।

मेरठ परिक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 24 जोन, 81 सेक्टर और 62 क्यूआरटी बनाई गई हैं। करीब चार हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। हापुड़ में तीन जोन, 10 सेक्टर और 11 क्यूआरटी तैनात रहेंगी। जिले में 31 चेकिंग प्वाइंट भी चिन्हित किए गए हैं।

परिक्षेत्र में कुल 75 तिरंगा यात्राएं प्रस्तावित हैं, जिनमें हापुड़ की 22 यात्राएं शामिल हैं। जिले में 12 अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। कार्यक्रम स्थलों पर एंटी-सबोटाज चेकिंग, प्रवेश और निकास द्वारों पर सुरक्षा, रूफटॉप ड्यूटी तथा यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस को रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, होटल, धार्मिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। साथ ही संदिग्ध वाहनों की जांच, किरायेदारों का सत्यापन, फुट पेट्रोलिंग और फ्लैग मार्च बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस के सभी आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल को उच्च सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत