सोनपपड़ी फैक्ट्री पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 110.5 किलो बत्तीसा सीज; निर्माण इकाई में मिलीं कई खामियां
सोनू मसूदी
पिलखुवा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पिलखुवा में मिठाई निर्माण इकाई पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की। नंद किशोर एंड ब्रदर्स की सोनपपड़ी निर्माण इकाई में जांच के दौरान करीब 110.5 किलोग्राम बत्तीसा मिथ्याछाप होने के संदेह में सीज किया गया। सीज किए गए बत्तीसा की अनुमानित कीमत करीब 10,497 रुपये बताई गई है। खाद्य विभाग की कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में भी खलबली मच गई।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में गठित सचल दल ने पिलखुवा स्थित सोनपपड़ी निर्माण इकाई पर औचक छापा मारा।
निरीक्षण के दौरान टीम ने निर्माण इकाई में तैयार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया की जांच की। टीम ने मौके से बत्तीसा के दो नमूने और बीकानेरी भुजिया का एक नमूना संग्रहित किया। अधिकारियों के अनुसार करीब 110.5 किलोग्राम बत्तीसा मिथ्याछाप होने के दृष्टिगत सीज किया गया। इसकी कीमत करीब 10,497 रुपये आंकी गई है।
निर्माणशाला में मिलीं कमियां
जांच के दौरान निर्माणशाला में भी कुछ कमियां सामने आईं। खाद्य अधिकारियों ने संचालक को इन कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही नियमानुसार सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। विभाग की कार्रवाई के बाद आसपास के अन्य खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप मचा रहा।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि मौके से लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरी और मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी गुप्ता, विपिन कुमार सिंह, आरपी गंगवार और सोवेंद्र सिंह पंघाल शामिल रहे।
Comments
Post a Comment