दहेज में कार और 10 लाख रुपये की मांग का आरोप, विवाहिता से मारपीट और छेड़छाड़ की शिकायत पर मुकदमा
हापुड़। पिलखुवा थाना क्षेत्र के रामपुरा गांव निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न, मारपीट और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। विवाहिता की शिकायत पर महिला थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता सोनिका शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी तीन फरवरी 2025 को गाजियाबाद निवासी धीरज शर्मा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। आरोप है कि शादी के दौरान मायके पक्ष ने अपनी क्षमता के अनुसार करीब 11 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग दहेज से संतुष्ट नहीं थे और विवाहिता को कम दहेज लाने का ताना देते थे।
विवाहिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उससे कार और 10 लाख रुपये की मांग करते थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया जाता था। तहरीर में पति धीरज शर्मा समेत ननदों, नंदोइयों और अन्य परिजनों को आरोपी बनाया गया है।
आरोप है कि 18 जून को रसोई में काम करने के दौरान आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और कमरे में बंद कर दिया। विवाहिता ने महिला हेल्पलाइन 1090 पर शिकायत की, जिसके बाद पुलिस उसे कमरे से निकालकर चौकी ले गई, लेकिन उसके अनुसार उस समय मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
इसके बाद 21 जून को विवाहिता के पिलखुवा स्थित मायके पहुंचकर भी आरोपितों ने कथित रूप से मारपीट और छेड़छाड़ की। शोर सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
विवाहिता ने पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर महिला थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment