हापुड़ में कांवड़ यात्रा की तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं के लिए 10 कांवड़ कार्ट और आधुनिक हेल्प सिस्टम से मिलेगी सुविधा
साहिल अंसारी
*हापुड़।** श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा 2026 को श्रद्धालुओं के लिए सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। जिलाधिकारी कविता मीना के नेतृत्व में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बार महिला कांवड़ियों की सुविधा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए कांवड़ मार्ग पर पहली बार चेंजिंग रूम और ब्रेस्टफीडिंग सेंटर स्थापित किए गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, इन सुविधाओं से महिला श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान आवश्यक गोपनीयता और सुविधा मिल सकेगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि महिला श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।
मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा की पहल पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सात्विक और किफायती भोजन उपलब्ध कराने के लिए जिले में 10 ‘कांवड़ कार्ट’ स्थापित किए जा रहे हैं। उपजिलाधिकारियों की ओर से इन कार्ट के लिए उपयुक्त स्थानों का चिह्नीकरण पूरा कर लिया गया है। इनके संचालन की जिम्मेदारी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को दी जाएगी।
प्रशासन के मुताबिक, कांवड़ कार्ट से श्रद्धालुओं को उचित दर पर भोजन मिलेगा, वहीं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को रोजगार और स्वावलंबन का अवसर मिलेगा। कार्ट पर आजीविका मिशन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी, जिससे जरूरतमंद लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरे कांवड़ मार्ग पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा मार्ग पर क्यूआर और बारकोड आधारित हेल्प सिस्टम भी स्थापित किए गए हैं। आपात स्थिति में श्रद्धालु इनकी मदद से तत्काल सहायता प्राप्त कर सकेंगे। प्रशासन ने यात्रा के दौरान सेवा, सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
Comments
Post a Comment