*स्टूल खरीदने को लेकर विवाद बना हिंसक, महिला का हाथ टूटने का दावा; सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की गुहार*
साहिल अंसारी
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोदीनगर रोड स्थित 99 शोरूम में खरीदारी के दौरान महिला के साथ मारपीट और हाथ फ्रैक्चर करने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। महिला ने शोरूम के मालिक और दो महिला कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराने की गुहार लगाई है।
पंचवटी कॉलोनी, दस्तोई रोड निवासी अलका सागर पत्नी स्वर्गीय शक्ति सिंह ने नगर कोतवाली में दी गई शिकायत में बताया कि 20 जुलाई को शाम करीब साढ़े चार बजे वह मोदीनगर रोड पुल के नीचे स्थित 99 शोरूम पर स्टूल खरीदने गई थीं। उनका कहना है कि स्टूल की मजबूती को लेकर काउंटर पर मौजूद दो महिला कर्मचारियों से केवल यह पूछा कि क्या वह पानी के कूलर का भार सह सकता है। इसी बात पर दोनों कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया और कहासुनी के बाद गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
शिकायत के अनुसार कर्मचारियों ने उनका हाथ इतनी जोर से मरोड़ा कि उसमें फ्रैक्चर हो गया। इसके अलावा शरीर पर अन्य चोटें भी आईं, जिसके चलते उन्हें उपचार कराना पड़ा। पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो शोरूम के मालिक रंजीत चौधरी ने कार्रवाई न करने का आग्रह करते हुए इलाज का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में न तो उपचार का खर्च दिया गया और न ही कोई सहायता की गई।
महिला का यह भी आरोप है कि अब शोरूम मालिक और कर्मचारी समझौते का दबाव बना रहे हैं तथा पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान-माल की हानि पहुंचाने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने दावा किया है कि पूरी घटना शोरूम के सीसीटीवी कैमरों में कैद है और जरूरत पड़ने पर फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई जाएगी।
पीड़िता ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपित महिला कर्मचारियों और शोरूम मालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment