शराब माफियाओं पर आबकारी विभाग का शिकंजा, गढ़मुक्तेश्वर में ताबड़तोड़ कार्रवाई से कच्ची शराब का जखीरा नष्ट

साहिल अंसारी

हापुड़। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। रविवार को गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के ग्राम चकलठीरा के जंगल में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 90 लीटर कच्ची शराब और 800 किलोग्राम लहन बरामद किया, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश शासन और आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी हापुड़, संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन, उप आबकारी आयुक्त मेरठ तथा जिला आबकारी अधिकारी हापुड़ के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत की गई। अभियान में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 और क्षेत्र-2 अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल रहे।

छापेमारी के दौरान टीम ने जंगल में अवैध शराब बनाने के ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए कच्ची शराब और लहन को नष्ट किया। इसके साथ ही अवैध शराब की बिक्री की संभावित जगहों और शिकायत वाले स्थलों पर भी सघन जांच और दबिश दी गई।
अभियान के दौरान आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 के अंतर्गत आने वाली शराब की दुकानों का निरीक्षण भी किया गया। अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को पीओएस (POS) मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी वाइन शॉप पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि इस अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत