चार माह की बेटी के साथ ससुराल से भागकर पहुंची विवाहिता, पति समेत छह पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा


साहिल अंसारी


हापुड़। कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का कहना है कि वह चार माह की बेटी को लेकर किसी तरह ससुराल से भागकर मायके पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता अलीशा ने बताया कि उसका निकाह 4 दिसंबर 2024 को गढ़ गेट पुलिस चौकी क्षेत्र निवासी फैसल से हुआ था। विवाह में करीब 18 लाख रुपये का दहेज, नकद राशि, सोने-चांदी के आभूषण, एसी, फ्रिज सहित अन्य घरेलू सामान दिया गया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़िता का आरोप है कि 24 जुलाई 2026 को पति और अन्य परिजनों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। उसका गला दबाया गया, बेड पर पटककर घूंसे मारे गए और कमरे में बंद कर दिया गया। किसी तरह मौका मिलने पर वह नंगे पैर अपनी चार माह की बेटी को लेकर ससुराल से निकलकर मायके पहुंची। मारपीट में उसे अंदरूनी चोटें आई हैं और पेट में भी गंभीर दर्द होने की बात कही गई है।

विवाहिता ने पति फैसल, सास सम्मू, ननद नीशा तथा अकरम और अशरफ सहित अन्य पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया है। उसने स्पष्ट कहा है कि वह अब ससुराल वापस नहीं जाना चाहती और आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाली हापुड़ नगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल