मुबारिकपुर सलामपुर में महिला एवं बाल सभा का आयोजन, ग्राम संगिनी संवाद के जरिए महिलाओं की आवाज पहुंचेगी पंचायत तक



 सोनू मसूदी

*हापुड़, ग्रामीण महिलाओं को पंचायत स्तर पर निर्णय प्रक्रिया से जोड़ने और उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास खंड सिम्भावली की ग्राम पंचायत मुबारिकपुर सलामपुर में महिला एवं बाल सभा **'ग्राम संगिनी संवाद'** का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे।
 
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) **श्रुति शर्मा** ने बताया कि ग्राम संगिनी संवाद का उद्देश्य महिलाओं की आवाज को पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना, स्थानीय नीति निर्धारण में उनकी भागीदारी बढ़ाना, महिला नेतृत्व को सशक्त बनाना तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की सक्रिय भूमिका और मजबूत होगी।
 
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, लेखपाल, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, स्वयं सहायता समूहों की सदस्य, बीसी सखी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने सहभागिता की। सभा में ग्राम प्रधान ने पिछले वर्ष कराए गए विकास कार्यों और उन पर हुए खर्च का विवरण भी ग्रामीणों के सामने प्रस्तुत किया।
 
महिला संगिनी संवाद के दौरान प्राप्त शिकायतों और सुझावों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई। साथ ही महिला सभा की ओर से समस्याओं के समाधान के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई, जिसकी समीक्षा प्रत्येक माह ग्राम स्तर पर आयोजित बैठकों में की जाएगी।
 
सीडीओ श्रुति शर्मा ने बताया कि यह पहल केवल एक ग्राम पंचायत तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में महिला एवं बाल सभाओं का आयोजन कर महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। इससे पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने के साथ ही स्थानीय स्तर पर सुशासन और पारदर्शिता को भी मजबूती मिलेगी।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत