सुलह की बातचीत के बहाने बुलाया, पूरे परिवार को कमरे में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा
हापुड़। कोतवाली नगर क्षेत्र के रफीकनगर पीर वाली गली में वैवाहिक विवाद के बीच सुलह की बातचीत के लिए बुलाए गए एक परिवार के साथ मारपीट और कमरे में बंधक बनाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद के मुरादनगर निवासी शाहिद ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन अदीबा का निकाह 15 अप्रैल 2026 को रफीकनगर निवासी इमरान पुत्र मुन्ना के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। निकाह के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
आरोप है कि 19 जुलाई को इमरान और उसके परिजनों ने फोन कर बातचीत के लिए अपने घर बुलाया। शाहिद अपने पिता अजीज अहमद, भाई शादाब, माता हसीन, भाभी फरजाना और छोटे भाई की पत्नी शाइन के साथ हापुड़ पहुंचा। आरोप है कि घर पहुंचते ही इमरान, उसके भाई सलमान, पिता मुन्ना, माता मुन्नी तथा बहनें सुरैया, तबस्सुम और फराहाना ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद सभी को एक कमरे में बंद कर मारपीट की गई। शोर मचाने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए बाहर से कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। किसी तरह परिवार ने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर सभी को बाहर निकाला, जिसके बाद पीड़ित परिवार अपने घर लौट गया।
पीड़ित शाहिद ने घटना की शिकायत कोतवाली नगर पुलिस से करते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली नगर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment