पत्नी समेत पांच पर अपहरण, जानलेवा हमला और लूट का आरोप; कोर्ट के आदेश पर हापुड़ नगर थाने में मुकदमा दर्ज


सोनू मसूदी

हापुड़। वैवाहिक विवाद ने अब आपराधिक मुकदमे का रूप ले लिया है। हापुड़ नगर थाना क्षेत्र के न्यू शिवपुरी निवासी अनमोल गुप्ता की शिकायत पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश के बाद पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, जान से मारने की कोशिश, लूट और धमकी समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना में जुट गई है।

पीड़ित अनमोल गुप्ता ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 21 अप्रैल 2025 को कशिश गुप्ता से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने की जानकारी मिली, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद रहने लगा। शिकायत के अनुसार पत्नी ने अलग रहने और पैतृक संपत्ति में हिस्सा लेने का दबाव बनाया।

आरोप है कि 5 मई 2026 को कृष्ण नारायण, अमन नारायण, विवेक गुप्ता और वैभव चावला बातचीत के बहाने उसे कार में बैठाकर बरेली ले जाने लगे। रास्ते में हापुड़-बरेली मार्ग पर फ्लाईओवर के नीचे कार रोककर आरोपियों ने उस पर पैतृक संपत्ति में हिस्सा लेने का दबाव बनाया। शिकायत के अनुसार विरोध करने पर पत्नी से वीडियो कॉल पर बात कराई गई, जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया।

पीड़ित का आरोप है कि शोर सुनकर राहगीर आने लगे तो आरोपी उसके गले से करीब ढाई तोले की सोने की चेन और पर्स में रखे ₹8,200 लूटकर फरार हो गए। जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि पुलिस और अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली।

सीजेएम के आदेश पर हापुड़ नगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोप अभी शिकायतकर्ता के हैं और उनकी सत्यता की जांच पुलिस करेगी।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल