*हरदोई से लौटे परिवार के उड़े होश, सूने मकान का ताला तोड़ लाखों के सामान पर चोरों ने किया हाथ साफ*


हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के न्यू शिवपुरी मोहल्ले में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मकान मालिक हरदोई से लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे मिले। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में न्यू शिवपुरी निवासी अशोक कुमार ने बताया कि वह 14 जुलाई को अपनी कार से हरदोई स्थित अपने बेटे मयंक के पास गए थे। 21 जुलाई को जब वह वापस अपने घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी के ताले भी टूटे पड़े थे और पूरा सामान बिखरा हुआ था।

पीड़ित के अनुसार अज्ञात चोर घर में रखे कीमती सामान और नकदी चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि अभी पूरे सामान का मिलान किया जा रहा है, जिसके बाद चोरी हुए सामान का सही विवरण पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।

नगर कोतवाली पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।




Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल