उज्ज्वला योजना से बदली गीता कश्यप की जिंदगी, धुएं से मिली मुक्ति, परिवार हुआ स्वस्थ
साहिल अंसारी
हापुड़। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने जनपद की एक और महिला के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। दिल्ली रोड निवासी श्रीमती गीता कश्यप ने योजना के तहत मुफ्त एलपीजी गैस कनेक्शन मिलने के बाद न केवल धुएं से राहत पाई, बल्कि उनके परिवार का स्वास्थ्य भी बेहतर हुआ है। उन्होंने कहा कि अब खाना बनाना पहले की तुलना में आसान, सुरक्षित और समय की बचत वाला हो गया है।
गीता कश्यप ने बताया कि पहले लकड़ी और अन्य पारंपरिक ईंधन से चूल्हे पर खाना बनाना बेहद कठिन था। बारिश या खराब मौसम में ईंधन की व्यवस्था करना मुश्किल हो जाता था और रसोई में उठने वाले धुएं से आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत तथा बार-बार बीमार होने जैसी समस्याएं बनी रहती थीं। तेज गर्मी में चूल्हे पर खाना बनाते समय तबीयत भी बिगड़ जाती थी, जिससे पूरा परिवार प्रभावित होता था।
उन्होंने बताया कि समाचार पत्रों और दूरदर्शन के माध्यम से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की जानकारी मिली। इसके बाद एलपीजी गैस एजेंसी के कर्मचारियों की सहायता से आवेदन किया और उन्हें मुफ्त गैस चूल्हा व सिलेंडर प्राप्त हुआ। योजना का लाभ मिलने के बाद अब रसोई धुएं से मुक्त हो गई है और भोजन जल्दी तैयार हो जाता है, जिससे समय और स्वास्थ्य दोनों की बचत हो रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि गीता कश्यप की सफलता की कहानी इस बात का उदाहरण है कि सरकारी योजनाएं सही लाभार्थियों तक पहुंचने पर उनके जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ परिवार ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव है। महिलाओं का स्वास्थ्य और सम्मान सरकार की प्राथमिकता है तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने भी लोगों से पात्रता के अनुसार योजना का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक सुविधाएं पहुंचाना है।
Comments
Post a Comment