गोबर फेंकने को लेकर विवाद, लाठी-सरिया से हमला; तीन घायल, जान से मारने की धमकी


साहिल अंसारी

हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव बड़ौदा सिहानी में डेरी का गोबर ट्रैक्टर से फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विरोध करने पर एक पक्ष के लोगों ने लाठी, सरिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में गांव बड़ौदा सिहानी निवासी बिलाल पुत्र खालिद ने बताया कि 23 जुलाई की शाम करीब पांच बजे वह अपने भाई आदिल और पिता खालिद के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव निवासी कामिल उनके घर पहुंचा और अपनी डेरी का गोबर उनके ट्रैक्टर से फेंकने का दबाव बनाने लगा। परिवार ने इससे इनकार किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

आरोप है कि इसके बाद कामिल अपने साथ हाजी कय्यूम, नसरत और अफजाल समेत अन्य लोगों को बुला लाया। सभी के हाथों में डंडे, सरिया और धारदार हथियार थे। आरोपियों ने बिलाल, उसके भाई आदिल और पिता खालिद पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में आदिल के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि अन्य दोनों को भी चोटें लगीं।

शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह घायलों को बचाया। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

थाना हाफिजपुर पुलिस ने बिलाल की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत