हापुड़ में सुरक्षा व्यवस्था सख्त, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस का पैदल गश्त अभियान
हापुड़। जनपद में अपराध नियंत्रण, शांति एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण मार्गों पर पैदल गश्त की।
गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी ली। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखते हुए प्रमुख चौराहों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्कता बरती। व्यापारियों और आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पैदल गश्त का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना, आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
हापुड़ पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमित गश्त और सघन चेकिंग के माध्यम से जिले में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Comments
Post a Comment