सड़क के गड्ढे के विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक के सिर पर लोहे की वस्तु से हमला, आठ टांके आए
साहिल अंसारी
हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के पीरनगर सूदना में सड़क के गड्ढे को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घायल युवक की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सन्नी सैनी पुत्र बबलू सैनी निवासी पीरनगर सूदना के अनुसार, 20 जुलाई को मोहल्ले के मोनू सैनी से सड़क के गड्ढे को लेकर कहासुनी और मारपीट हुई थी। उस समय मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को समझा दिया, जिसके चलते उसने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की।
आरोप है कि इसी रंजिश के चलते 23 जुलाई को जब वह खेत से लौट रहा था, तभी मोनू के बड़े भाई सतेंद्र सैनी ने अपने घर के सामने उसे रोक लिया। आरोप है कि सतेंद्र ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसने लोहे की किसी वस्तु से सन्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
घायल सन्नी को परिजन उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसके सिर पर आठ टांके लगाए गए। होश में आने के बाद उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment