शिवा ढाबा चोरी कांड का खुलासा, *हिस्ट्रीशीटर समेत तीन शातिर दबोचे
पिकअप से नकदी चोरी करने वाले गिरोह के कब्जे से 30 हजार रुपये, तमंचा, चाकू और दो बाइक बरामद
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने शिवा ढाबा पर खड़ी पिकअप गाड़ी से नकदी चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 30 हजार रुपये की नकदी, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक चाकू तथा घटना में प्रयुक्त दो पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक बिजनौर का हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है, जिसके खिलाफ हापुड़, बिजनौर और गाजियाबाद में डकैती, चोरी, हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमा संख्या 345/2026 धारा 303(2) बीएनएस का सफल अनावरण करते हुए स्याना रोड से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने चोरी की रकम और वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल भी बरामद कर लीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कादिर उर्फ सोनू पुत्र वाजिद निवासी ग्राम पित्तन ओदा थाना हीमपुर दीपा, जनपद बिजनौर, नबील पुत्र नसीम निवासी पलिया पाड़ा थाना कोतवाली चांदपुर, बिजनौर तथा इमरान पुत्र कादिर निवासी फजलपुर ढाकी थाना हल्दौर, बिजनौर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कादिर उर्फ सोनू थाना हीमपुर दीपा का हिस्ट्रीशीटर (एचएस-141ए) है। उसके खिलाफ डकैती, हत्या के प्रयास, चोरी और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों के करीब आधा दर्जन मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं। बरामद अवैध तमंचे और कारतूस के संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
गढ़मुक्तेश्वर पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह बिष्ट समेत कई उपनिरीक्षकों और पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Comments
Post a Comment