*हापुड़ में रफ्तार बनी काल: कैंटर से टकराया ऑटो, एक की मौके पर मौत*

साहिल अंसारी
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली रोड पर गुरुवार को मेरिनो सेंचुरी कंपनी के सामने हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पिलखुवा की ओर से एक ऑटो हापुड़ की तरफ आ रहा था। जैसे ही ऑटो दिल्ली रोड स्थित मेरिनो सेंचुरी कंपनी के सामने पहुंचा, सामने से आ रहे कैंटर से उसकी आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। मेरिनो सेंचुरी कंपनी के कर्मचारियों ने भी तत्परता दिखाते हुए कंपनी की एंबुलेंस मौके पर भेजी, जिससे घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। दुर्घटना के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। कैंटर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी। वहीं, घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए दिल्ली रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत