बाबूगढ़ में डेयरी और ढाबे पर खाद्य विभाग की छापेमारी, पनीर, दूध, बटर व ग्रेवी के नमूने जांच को भेजे
हापुड़। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को बाबूगढ़ क्षेत्र में मिलावट और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए अभियान चलाया। इस दौरान बाबूगढ़ छावनी स्थित एक डेयरी और एनएच-9 पर स्थित एक ढाबे पर औचक निरीक्षण कर पनीर, बटर, दूध और ग्रेवी के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी कविता मीना के आदेश पर यह अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य) चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में गठित सचल दल ने कार्रवाई की। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोवेंद्र सिंह पंघाल, विपिन कुमार सिंह और मोहित कुमार शामिल रहे।
अभियान के दौरान बाबूगढ़ छावनी स्थित गर्ग डेयरी पर छापा मारकर पनीर, बटर और दूध का एक-एक नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां मिलने पर संचालक को सुधार सूचना नोटिस भी जारी किया गया। इसके बाद टीम ने एनएच-9 स्थित बिस्मिल्लाह ढाबा का निरीक्षण किया, जहां ग्रेवी का एक नमूना लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया गया। यहां भी निर्धारित मानकों में कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। यदि जांच रिपोर्ट में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन या मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त (खाद्य) चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि जनपद में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
Comments
Post a Comment