शिंकजी की दुकान पर युवक पर जानलेवा हमले की कोशिश, पीछा कर दी जान से मारने की धमकी




साहिल अंसारी

हापुड़। कोतवाली नगर क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित शाही शिकंजी के पास युवक पर कथित जानलेवा हमले की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पटेल नगर रेलवे रोड निवासी अनामिका गुप्ता ने कोतवाली नगर में दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र कृष्णा गुप्ता 23 जुलाई की सुबह करीब चार बजे अपने मित्र चिराग शर्मा के साथ सफेद कार में दिल्ली रोड स्थित शाही शिकंजी पर बैठा हुआ था। आरोप है कि तभी पीछे से ग्रे रंग की होंडा सिटी कार में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे। कार में बैठे तीन युवकों की पहचान सक्षम त्यागी, मनीष यादव और अर्नव के रूप में की गई, जबकि दो अन्य अज्ञात बताए गए हैं।

शिकायत के अनुसार आरोपियों के हाथों में लाठी-डंडे और ईंटें थीं तथा उन्होंने कृष्णा गुप्ता पर हमला करने का प्रयास किया। किसी तरह कृष्णा ने कार पीछे कर अपनी जान बचाई। आरोप है कि हमलावरों ने तहसील तक उनकी कार का पीछा किया। इसी दौरान रास्ते में पुलिस की गाड़ी दिखाई देने पर कृष्णा ने पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया, लेकिन वे मौके से फरार हो गए।

पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपी लगातार उनके पुत्र को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल