ढाबे पर टोकने की मिली खौफनाक सजा: कार सवारों ने युवक को कुचलने की कोशिश की, बोनट पर लटकाए हुए हाईवे पर फर्राटा भरते रहे

हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में एनएच-9 स्थित शिवा ढाबे पर खुले में शौच करने से रोकने पर कार सवार दो युवकों द्वारा ढाबा संचालक के बेटे की जान लेने की कथित कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाबूगढ़ उर्फ चक्रसैनपुर निवासी गुड्डू उर्फ मनोज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह एनएच-9 स्थित शिवा ढाबे का संचालन करते हैं। आरोप है कि 20 और 21 जुलाई की मध्यरात्रि करीब तीन बजे यूपी-14 ईएफ-0201 नंबर की आई-20 कार से दो युवक ढाबे पर पहुंचे। दोनों ने कार पार्किंग में खड़ी कर गमलों के पास खुले में शौच करने का प्रयास किया। उस समय वहां से महिलाएं भी गुजर रही थीं। ढाबे के चौकीदार ने इसका विरोध किया तो दोनों उससे अभद्रता करने लगे।

शोर सुनकर ढाबा संचालक का बेटा अंशुल मौके पर पहुंचा और दोनों युवकों को समझाकर वहां से जाने के लिए कहा। आरोप है कि इससे नाराज होकर दोनों ने अंशुल को गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कार में बैठकर उस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए अंशुल कार के बोनट पर चढ़ गया, लेकिन आरोपी उसे बोनट पर लटकाए हुए तेज रफ्तार से गढ़मुक्तेश्वर की ओर हाईवे पर दौड़ाते रहे।

तहरीर के मुताबिक रास्ते में कार की रफ्तार कम होने पर अंशुल ने चलती कार के बोनट से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद से परिवार दहशत में है। पीड़ित ने कार का नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।

थाना बाबूगढ़ पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।





Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत