गढ़ रोड हादसे में गंभीर घायल युवक को न्याय की उम्मीद, सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपी चालक की खोज
साहिल अंसारी
हापुड़। गढ़ रोड पर हुए हिट एंड रन मामले में गंभीर रूप से घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर फरार चालक की पहचान करने में जुटी है।
न्यू शिवपुरी निवासी मयंक अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 जून 2026 की रात करीब 9:04 बजे वह गढ़ रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात तीन पहिया ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके बाएं हाथ की कोहनी में गंभीर फ्रैक्चर हो गया, जिसके चलते ऑपरेशन कराना पड़ा। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित का आरोप है कि दुर्घटना के बाद ऑटो चालक उन्हें घायल अवस्था में सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसने न तो उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया और न ही पुलिस को सूचना दी। चिकित्सकीय जांच में मयंक को करीब 30 प्रतिशत स्थायी दिव्यांगता होने की पुष्टि हुई है, जिससे उनके सामान्य जीवन और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
मयंक अग्रवाल ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में मांग की है कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी व ट्रैफिक कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपी ऑटो चालक और वाहन की पहचान की जाए। साथ ही भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
Comments
Post a Comment