जरौठी रोड पर पुलिस की सख्त चेकिंग रंग लाई, अवैध असलहे के साथ चार मुकदमों का आरोपी गिरफ्तार
साहिल अंसारी
हापुड़। मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन शस्त्र अभियान के तहत हापुड़ देहात थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हापुड़ देहात थाना पुलिस जरौठी रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव पुत्र जितेंद्र निवासी पटना मुरादपुर, थाना हापुड़ देहात के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2019, 2021 और 2025 में आर्म्स एक्ट के तहत तथा वर्ष 2024 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अवैध हथियार लेकर किस उद्देश्य से घूम रहा था और उसका किसी आपराधिक घटना से संबंध तो नहीं है।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक गोधनलाल, उपनिरीक्षक श्रीओम, हेड कांस्टेबल संजीव कुमार और कांस्टेबल यूकेस जादौन की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Comments
Post a Comment