हापुड़ में दर्दनाक सड़क हादसा: नारियल विक्रेता के भाई की हालत नाजुक, इलाज में तीन लाख खर्च; पुलिस ने दर्ज किया केस


साहिल अंसारी

हापुड़। हापुड़ देहात थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से नारियल पानी बेचने वाले दो भाई गंभीर हादसे का शिकार हो गए। हादसे में एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है और वह मेरठ के एक निजी अस्पताल में कोमा की हालत में आईसीयू में भर्ती है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पुलिस लाइन मेरठ रोड निवासी सलीम शेख अपने भाई वसीम अकरम के साथ नारियल पानी बेचने का कार्य करते हैं। 29 जुलाई की दोपहर करीब 2:30 बजे दोनों भाई स्प्लेंडर प्लस बाइक से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। रास्ते में भूख लगने पर उन्होंने बालाजी ढाबे के पास अपनी बाइक रोक दी। आरोप है कि तभी पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रही एक बाइक ने उनकी खड़ी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े, जबकि आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गए।

हादसे में वसीम अकरम के सिर में गंभीर चोट आई। उनका उपचार मेरठ के दयावती अस्पताल में चल रहा है, जहां वह कोमा की स्थिति में आईसीयू में भर्ती हैं। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने उनकी हालत बेहद गंभीर बताई है। परिवार का आरोप है कि इलाज पर अब तक करीब तीन लाख रुपये उधार लेकर खर्च किए जा चुके हैं, जिससे आर्थिक संकट भी गहरा गया है।

पीड़ित ने आरोपी बाइक का पंजीकरण नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। हापुड़ देहात थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत