धौलाना पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार; तीन कुंतल कॉपर तार व दो वाहन बरामद


साहिल अंसारी

हापुड़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धौलाना पुलिस ने विद्युत ट्रांसफार्मर के उपकरण चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब तीन कुंतल चोरी का विद्युत कॉपर तार, तीन अवैध चाकू तथा वारदात में प्रयुक्त दो दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी निर्माणाधीन और बंद पड़ी फैक्ट्रियों में लगे विद्युत ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर उनके उपकरण और कॉपर तार चोरी करते थे। शनिवार को थाना धौलाना पुलिस ने यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में रावली पुल के पास घेराबंदी कर गिरोह के पांचों सदस्यों को दबोच लिया। आरोपियों की पहचान रोशन, मोनिश, दानिश, कपिल और असलम के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ थाना धौलाना में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पेशेवर विद्युत तार चोर हैं और इनके खिलाफ हापुड़ जिले के विभिन्न थानों में विद्युत तार चोरी, आर्म्स एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि इनकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में ट्रांसफार्मर चोरी की कई घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है।
बरामदगी में करीब तीन कुंतल विद्युत कॉपर तार, तीन अवैध चाकू, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक स्कूटी शामिल है, जिनका उपयोग चोरी की घटनाओं में किया जाता था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और पूर्व में की गई वारदातों की जानकारी जुटाने में लगी है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष अवनीश कुमार शर्मा सहित थाना धौलाना के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।


Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल